सोम–शनि सुबह 9:30 – शाम 7 · रविवार अपॉइंटमेंट से

आँख का प्रेशर कितना होना चाहिए?

Dr. Swati Goyal · 31 अक्टूबर 2026

आँख का सामान्य प्रेशर आमतौर पर 10 से 21 mmHg के बीच होता है। लेकिन सिर्फ़ इस नंबर से यह पता नहीं चलता कि काला मोतिया (ग्लूकोमा) है या नहीं। कुछ लोगों को सामान्य प्रेशर में भी काला मोतिया होता है, और कुछ का प्रेशर 21 से ऊपर होने पर भी आँख पूरी तरह स्वस्थ होती है। पक्का जानने के लिए डॉक्टर प्रेशर के साथ आँख की नस, OCT स्कैन और विज़ुअल फ़ील्ड टेस्ट भी देखते हैं।

आँख का प्रेशर क्या होता है

आँख के आगे वाले हिस्से में एक साफ़ तरल भरा रहता है। आँख यह तरल लगातार बनाती है और पुतली (आइरिस) के किनारे पास एक बारीक नाली से बाहर निकालती है। जब बनना और निकलना बराबर रहता है, तो प्रेशर स्थिर रहता है। अगर नाली ठीक से काम न करे, तो तरल जमा होता है और प्रेशर बढ़ जाता है।

आँख के प्रेशर का ब्लड प्रेशर (BP) से कोई लेना-देना नहीं है। दोनों mmHg में नापे जाते हैं, इसलिए उलझन होती है।

प्रेशर कैसे नापा जाता है

इस जाँच को टोनोमेट्री कहते हैं। यह जल्दी होती है और इसमें दर्द नहीं होता।

  • हवा वाली जाँच: आँख पर हवा का हल्का झोंका। शुरुआती जाँच के लिए ठीक।
  • एप्लानेशन जाँच: सुन्न करने वाली ड्रॉप के बाद एक छोटा उपकरण आँख को हल्के से छूता है। यह ज़्यादा सटीक है, और काला मोतिया के शक या इलाज में यही इस्तेमाल होती है।

एक बार की रीडिंग काफ़ी क्यों नहीं

  • प्रेशर दिन भर बदलता है। बहुत से लोगों में सुबह-सुबह ज़्यादा होता है। दोपहर की एक सामान्य रीडिंग से सुबह का बढ़ा प्रेशर छूट सकता है।
  • कॉर्निया की मोटाई से रीडिंग बदलती है। मोटा कॉर्निया प्रेशर को असल से ज़्यादा दिखा सकता है, पतला कॉर्निया कम। पैकीमेट्री नाम की छोटी जाँच से यह नापा जाता है।
  • ज़्यादा प्रेशर का मतलब हमेशा काला मोतिया नहीं। नस स्वस्थ और फ़ील्ड सामान्य हो, पर प्रेशर 21 से ऊपर हो, तो इसे ऑक्यूलर हाइपरटेंशन कहते हैं। इसमें नियमित जाँच ज़रूरी है; कुछ लोगों को इलाज चाहिए होता है।
  • सामान्य प्रेशर का मतलब यह नहीं कि काला मोतिया नहीं। नॉर्मल-टेंशन ग्लूकोमा में प्रेशर सामान्य रहते हुए भी नस ख़राब होती है। इसीलिए नस की भी जाँच होती है।

क्या बढ़ा हुआ प्रेशर महसूस होता है?

आमतौर पर नहीं। काला मोतिया की आम किस्म में प्रेशर धीरे-धीरे बढ़ता है, दर्द नहीं होता, और नज़र किनारों से जाती है — इसलिए ज़्यादातर लोगों को बहुत देर तक कुछ पता नहीं चलता।

अपवाद है एंगल-क्लोज़र ग्लूकोमा का अचानक दौरा: आँख में तेज़ दर्द, लाल आँख, धुंधलापन, रोशनी के चारों ओर रंगीन घेरे, सिरदर्द और कभी-कभी उल्टी। यह इमरजेंसी है — उसी दिन आँखों के अस्पताल जाएँ।

आम सिरदर्द बहुत कम ही आँख के प्रेशर से होता है।

प्रेशर किन वजहों से बढ़ सकता है

  • स्टेरॉयड दवाएँ — ख़ासकर डॉक्टर की सलाह के बिना डाली गई स्टेरॉयड आई ड्रॉप, और लंबे समय तक स्टेरॉयड की गोलियाँ या आँखों के आसपास क्रीम
  • परिवार में काला मोतिया का इतिहास
  • आँख में पुरानी चोट
  • चश्मे का ज़्यादा माइनस या प्लस नंबर, डायबिटीज़ और 40 से ज़्यादा उम्र से काला मोतिया का ख़तरा बढ़ता है

जाँच किसे करवानी चाहिए

  • 40 से ऊपर हर व्यक्ति, हर एक-दो साल में, चाहे नज़र बिल्कुल ठीक हो
  • जल्दी और ज़्यादा बार, अगर माता-पिता, भाई या बहन को काला मोतिया है, या आपको डायबिटीज़ है, चश्मे का नंबर ज़्यादा है, या आप नियमित स्टेरॉयड लेते हैं
  • जिन्हें पहले कभी बताया गया हो कि प्रेशर "थोड़ा ज़्यादा" है

अगर काला मोतिया है: आपका टारगेट प्रेशर

सबके लिए एक "सुरक्षित" नंबर नहीं होता। डॉक्टर आपके लिए एक टारगेट प्रेशर तय करते हैं — नस को कितना नुकसान है और वह कितनी तेज़ी से बदल रहा है, इसके हिसाब से। इलाज — ड्रॉप, लेज़र या ऑपरेशन — का मक़सद प्रेशर को उस टारगेट या उससे नीचे रखना है। OCT और फ़ील्ड टेस्ट बताते हैं कि टारगेट सही है या नहीं।

रीडिंग सामान्य आने पर काला मोतिया की ड्रॉप कभी बंद न करें। वह सामान्य ड्रॉप *की वजह से* है।

आम सवाल

मेरा प्रेशर 22 है। क्या मुझे काला मोतिया है?
ज़रूरी नहीं। नस की जाँच, OCT, विज़ुअल फ़ील्ड और कॉर्निया की मोटाई देखनी होगी। 22 प्रेशर वाले बहुत से लोगों को कभी काला मोतिया नहीं होता, पर उन्हें नियमित जाँच करवानी चाहिए।

क्या घर पर प्रेशर नाप सकते हैं?
भरोसे से नहीं। घर वाले उपकरण सिर्फ़ ख़ास मामलों में, डॉक्टर की देखरेख में इस्तेमाल होते हैं।

क्या व्यायाम या योग से प्रेशर बदलता है?
नियमित हल्का व्यायाम, जैसे टहलना, अच्छा है। देर तक सिर नीचे रखने वाले आसन, जैसे शीर्षासन, से प्रेशर बढ़ सकता है; काला मोतिया हो तो पहले डॉक्टर से पूछें।

क्या जाँच में दर्द होता है?
नहीं। ज़्यादा से ज़्यादा सुन्न करने वाली ड्रॉप के बाद हल्का सा छूना, या हवा का झोंका महसूस होता है।

---

और जानें काला मोतिया पेज पर, और पढ़ें काला मोतिया: आँख का प्रेशर, नस, और तीन ज़रूरी जाँचें। रिपोर्ट हैं और उनका मतलब जानना है? डॉ. स्वाति से वीडियो कॉल पर पूछें।

यह लेख सामान्य जानकारी है। अपनी आँखों के लिए डॉक्टर से मिलें।

अपनी आँखों के बारे में सवाल?

अपॉइंटमेंट बुक करें, या WhatsApp पर पूछें। सोम–शनि, सुबह 9:30 – शाम 7।